अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने उन खबरों को लेकर बयान दिया है, जिनमें दावा किया गया था कि ईरान गंदे बम या रासायनिक हथियारों के जरिए अमेरिकी राजधानी वॉशिंगटन पर हमला करने की योजना बना रहा है। रुबियो ने स्वीकार किया कि फिलहाल अमेरिका की राजधानी पर किसी तत्काल हमले का कोई संकेत नहीं है।
उन्होंने कहा कि अमेरिकी खुफिया एजेंसियां हर दिन देश के खिलाफ संभावित खतरों की जांच करती हैं। हालांकि, ऐसी ज्यादातर रिपोर्ट भरोसेमंद नहीं होतीं और किसी नतीजे पर पहुंचने से पहले उनकी अच्छी तरह जांच करना जरूरी है।
रुबियो ने कहा कि अमेरिका ईरान और अन्य समूहों की ओर से बताए जा रहे खतरों को गंभीरता से लेता है। साथ ही उन्होंने खुफिया विभाग के कुछ सूत्रों द्वारा गोपनीय जानकारी मीडिया तक पहुंचाने की आलोचना की। उन्होंने कहा कि CNN की प्रकाशित रिपोर्ट के बारे में वह विस्तृत टिप्पणी नहीं कर सकते।
इससे पहले ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाकिर कालीबाफ ने अमेरिकी मीडिया की खबरों को झूठा बताते हुए CNN और न्यूयॉर्क टाइम्स की आलोचना की थी।
उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह पहले जैसी ही झूठे आरोपों और युद्ध भड़काने की कोशिश है, बस इस बार मीडिया के नाम और लोगो बदल गए हैं। उनके अनुसार, अमेरिकी राजनीति में एक धड़े की साख कमजोर होने के बाद अब मनोवैज्ञानिक अभियान के लिए CNN और न्यूयॉर्क टाइम्स का इस्तेमाल किया जा रहा है।
कालीबाफ ने कहा कि यह पूरी प्रक्रिया लैरी एलिसन की सहमति से आगे बढ़ रही है और मीडिया संस्थानों पर नियंत्रण करने की कोशिश की जा रही है।
गौरतलब है कि लैरी एलिसन को इस्राईली सेना का एक बड़ा निजी आर्थिक समर्थक बताया जाता है। वह एलिसन परिवार के प्रमुख सदस्य हैं, जिसे CNN का नया मालिक बताया गया है।
आपकी टिप्पणी